तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने मचाया कहर, स्कूटी सवार छात्र को कुचलकर मौत

author
0 minutes, 0 seconds Read

भोपाल में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। पिता के लिए दवा लेने निकला 12वीं कक्षा का छात्र आतिफ (18) घर लौट ही नहीं सका। मेडिकल स्टोर से दवा लेकर जैसे ही वह स्कूटी से आगे बढ़ा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि आतिफ सड़क पर गिर गया और कुछ ही सेकंड बाद कार के पहिए उसके सिर पर चढ़ गए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी चालक ने टक्कर मारने के बाद जानबूझकर कार मोड़ी और छात्र को कुचलते हुए भागने की कोशिश की।

आरोपी चालक की पहचान नितिन मूलानी के रूप में हुई है, जो भोपाल के नामी बिल्डर केएल मूलानी का बेटा बताया जा रहा है। हादसे के बाद नितिन मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने करीब दो किलोमीटर तक उसका पीछा किया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतक छात्र आतिफ गिन्नौरी थाना क्षेत्र के तलैया इलाके का रहने वाला था। उसके पिता आसिफ ठेकेदारी करते हैं और इन दिनों बीमार थे। इसी कारण आतिफ घर से दवा लेने निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

चश्मदीदों का कहना है कि हादसा इतना तेजी से हुआ कि कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या। कुछ ही पलों में सड़क पर खून बिखरा पड़ा था और छात्र की लाश देखकर लोगों की रूह कांप गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या और लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Similar Posts

Leave a Reply

Discover more from nayaksamachar.co.in

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading