मुरादाबाद जिले में भी मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में लगे टीचर BLO ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. ऐसा बताया जा रहा है कि बीएलओ ने एसआईआर में ड्यूटी लगने और टारगेट पूरा ना होने से काफी परेशान चल रहा था, जिसके बाद उसने सुसाइड जैसा कमद उठाया. सुसाइड से पहले उसने (टीचर) दो पेज का बेसिक शिक्षा अधिकारी के नाम सुसाइड नोट लिखा. सुसाइड नोट में टीचर ने एसआईआर से परेशान होने का जिक्र किया है.
यह मामला मुरादाबाद जिले के थाना भोजपुर के बहेड़ी गांव का है. गांव निवासी सर्वेश सिंह (46) थाना भगतपुर के गांव जाहिदपुर सिकंदरपुर कम्पोजिट स्कूल में टीचर थे. सर्वेश सिंह ने अपने दो पन्नों के सुसाइड नोट लिखा, ‘रात-दिन काम करता रहा. फिर भी SIR का टारगेट हासिल नहीं कर पा रहा हूं. दिन-रात बहुत मुश्किल और चिंता में कटती है. सिर्फ 2 से 3 घंटे सो पा रहा हूं. 4 बेटियां हैं, 2 की तबीयत कई दिनों से खराब है. मुझे क्षमा करें.’
सर्वेश कुमार ने अपने सुसाइड में लिखा, परिवार ने मेरा बहुत साथ दिया…हौंसला बढ़ाया, मगर मैं हार गया. मेरे ना होने के बाद मेरे किसी भी व्यक्ति पर कोई दोष नहीं लागू होना चाहिए. कहने को तो बहुत कुछ बाकी है, लेकिन वक्त बहुत कम है. मुझे माफ करना. मेरे विद्यालय के बच्चों को बहुत प्यार देना. मैं जीना तो चाहता हूं, पर क्या करूं. मुझे बहुत बेचैनी व घुटन एवं खुद को डरा महसूस कर रहा हूं. मेरी चार छोटी बेटियां हैं. बेटियां का ख्याल रखना. बहुत मासूम हैं. मैं लिखते समय बहुत पीड़ा महसूस कर रहा हूं.
