अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अयोध्या के भव्य राम मंदिर के शिखर पर औपचारिक रूप से भगवा धर्म ध्वज फहराया। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत भी मौजूद रहे। ध्वजारोहण से पूर्व प्रधानमंत्री ने शेषावतार मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
धर्म ध्वज विशेष रूप से राम मंदिर के लिए तैयार किया गया है। 10 फीट ऊंचे और 20 फीट लंबे इस समकोणीय तिकोने ध्वज पर चमकते सूरज की आकृति अंकित है, जो भगवान श्रीराम की तेजस्विता और वीरता का प्रतीक माना जाता है। इसके साथ ही ध्वज पर कोविदार वृक्ष की तस्वीर और ‘ॐ’ का पवित्र चिन्ह भी उकेरा गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के क्षण में पूरे परिसर में मंत्रोच्चार गूंज उठा और उपस्थित सभी साधु-संत एवं भक्तों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया।
