मध्य प्रदेश में जहरीले कफ सीरप से बच्चों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताज़ा मामले में छिंदवाड़ा और मऊगंज जिलों में दो मासूम बच्चों की मौत हुई है। दोनों परिवारों का आरोप है कि उन्होंने मेडिकल स्टोर से खरीदा कफ सीरप और दवा पिलाई थी, जिसके बाद बच्चों की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। प्रशासन ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर संबंधित मेडिकल स्टोर सील कर दिए हैं। छिंदवाड़ा में मृत बच्ची को कासामृत कफ सीरप पिलाने का आरोप है, जबकि मऊगंज में मृत बच्चे का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए रीवा भेजा गया है।