बैंक का लॉकर भी सुरक्षित नहीं? फर्रुखाबाद SBI से 1 करोड़ के पुश्तैनी जेवरात गायब!

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक ग्राहक ने बैंक लॉकर से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब होने का गंभीर आरोप लगाया है. बैंक लॉकर से इतनी बड़ी रकम के गहने चोरी होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस ने पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

पीड़ित रिटायर्ड सूबेदार रामकुमार वर्मा के अनुसार, उन्होंने परिवार की सुरक्षा के लिहाज से वर्ष 2023 में इस बैंक शाखा में एक लॉकर लिया था. बीती 8 जून को जब वह अपनी पत्नी के साथ लॉकर से कुछ जरूरी सामान और गहने निकालने के लिए बैंक पहुंचे, तो लॉकर खोलते ही उनके होश उड़ गए.  क्योंकि अंदर रखे सारे जेवरात गायब थे. इसके तुरंत बाद उन्होंने इस बड़ी अनहोनी की लिखित शिकायत बैंक प्रबंधन और स्थानीय शाखा प्रबंधक से की. पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर बैंक मैनेजर ने अपना पल्ला झाड़ते हुए उनसे कहा कि सुरक्षा नियमों के अनुसार लॉकर केवल आप ही खोल सकते हैं, इसे कोई दूसरा व्यक्ति चाहकर भी नहीं खोल सकता. हालांकि, रिटायर्ड सूबेदार रामकुमार वर्मा का साफ तौर पर कहना है कि बैंक में अपनी व्यक्तिगत चाबी लगाने के बाद बैंक अधिकारी की मास्टर चाबी की मदद से ही लॉकर खुलता है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top